नहीं रहीं ‘कांटा लगा’ गर्ल शेफाली जरीवाला, 42 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट से गई जान
कांटा लगा’ फेम अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का आकस्मिक निधन, बॉलीवुड और फैन्स सदमे में – मौत की वजह अब भी बनी रहस्य
मुंबई। पॉपुलर म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से रातोंरात स्टार बनीं अभिनेत्री शेफाली जरीवाला के आकस्मिक निधन की खबर ने मनोरंजन जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। महज 42 वर्ष की उम्र में अभिनेत्री का यूं अचानक दुनिया से चले जाना उनके चाहने वालों और बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए किसी बड़े आघात से कम नहीं है।

घटना की जानकारी के अनुसार, 27 जून की रात शेफाली की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उनके पति पराग त्यागी और कुछ करीबी लोग उन्हें मुंबई के एक निजी बेलेव्यू अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि जब तक शेफाली को अस्पताल लाया गया, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही शेफाली जरीवाला की मौत की खबर सामने आई, पूरे सोशल मीडिया और बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई। फैंस से लेकर फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों तक, हर कोई इस खबर से स्तब्ध है। अभिनेत्री को सोशल मीडिया पर लगातार श्रद्धांजलि दी जा रही है और प्रशंसक उनके ‘कांटा लगा’ गाने के साथ जुड़ी यादों को साझा कर रहे हैं।शुरुआत में ऐसा कहा गया था कि शेफाली को कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) आया था, लेकिन इस बात की अब तक न तो परिवार ने पुष्टि की है और न ही मेडिकल रिपोर्ट से इसकी पुष्टि हो सकी है। मुंबई पुलिस को इस घटना की सूचना रात 1 बजे मिली, जिसके बाद उन्होंने कानूनी प्रक्रिया के तहत शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कूपर अस्पताल भेज दिया। मुंबई पुलिस के सूत्रों के अनुसार जानकारी दी है कि अभी तक मौत का कारण स्पष्ट नहीं है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह कहा जा सकेगा कि शेफाली की मौत प्राकृतिक थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। शेफाली के एक करीबी मित्र ने मीडिया को बताया कि पिछले कुछ समय से वह मानसिक रूप से तनाव में थीं, लेकिन वह हमेशा खुद को मजबूत दिखाती थीं। हालांकि, यह जानकारी फिलहाल औपचारिक रूप से जांच का हिस्सा नहीं है। उनकी मुस्कान, ऊर्जा और स्टाइल को आज भी उनके प्रशंसक याद करते हैं।


