पुरी, ओडिशा के पुरी में गुंडिचा मंदिर के पास रथयात्रा के दौरान रविवार तड़के भगदड़ मच गई। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं। राज्य सरकार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना तड़के करीब चार बजे हुई। सैकड़ों श्रद्धालु भगवान की एक झलक पाने के लिए गुंडिचा मंदिर के पास एकत्रित हुए थे। इस दौरान अनुष्ठान के लिए सामग्री ले जा रहे दो ट्रकों के भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा के रथों के पास घुस आने के बाद अचानक अफरा-तफरी मच गई। लोग एक-दूसरे को रौंदते हुए जान बचाने के लिए भागने लगे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान ओडिशा के बोलागढ़ निवासी बसंती साहू (36), बालीपटना निवासी प्रेमकांत मोहंती (80) और प्रवती दास (42) के रूप में हुई है।
पांच लोग आईसीयू में भर्तीः स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायलों में से एक व्यक्ति को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पांच अन्य घायल आईसीयू में भर्ती हैं।
एक किलोमीटर दूर खड़ी थी एंबुलेंसः एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि रथों पर सवार देवताओं की एक झलक पाने की हड़बड़ी में कई श्रद्धालु गिर गए। घटनास्थल पर कोई पुलिस अधिकारी नहीं था। करीब एक किलोमीटर दूर एंबुलेंस खड़ी थी। वहां तक घायलों को खुद ले जाना पड़ा।
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने कहा, घटना के पीछे सुरक्षा संबंधी चूक की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
यह लापरवाही अक्षम्य है। विधि मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया भगदड़ मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं, एडीजी एसके प्रियदर्शी को रथ यात्रा के लिए पुलिस व्यवस्था का प्रभार सौंपा गया है।


