एम्स ट्रॉमा सेंटर में ट्रांसफॉर्मर में भीषण धमाका, आग से मची अफरा-तफरी, दमकल ने समय रहते पाया काबू

एम्स ट्रॉमा सेंटर में ट्रांसफॉर्मर में भीषण धमाका, आग से मची अफरा-तफरी, दमकल ने समय रहते पाया काबू

नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली स्थित देश के प्रतिष्ठित एम्स ट्रॉमा सेंटर में गुरुवार दोपहर बाद एक बड़ा हादसा टल गया। दोपहर के समय परिसर में लगे एक इलेक्ट्रिक ट्रांसफॉर्मर में अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और तुरंत 8 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। राहत की बात यह रही कि समय पर की गई मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

घटना गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है, जब ट्रॉमा सेंटर के एक कोने में लगे बिजली ट्रांसफॉर्मर में अचानक धमाके के साथ आग लग गई। चश्मदीदों के अनुसार, पहले जोरदार आवाज आई और फिर धुआं उठता दिखाई दिया। आग की लपटें तेजी से फैलती इससे पहले ही अस्पताल प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए अग्निशमन विभाग को सूचना दे दी। दिल्ली दमकल सेवा को घटना की जानकारी 3:34 बजे मिली। बिना देरी किए, विभाग ने आठ फायर टेंडर घटनास्थल की ओर रवाना किए। मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने तेजी से राहत और बचाव कार्य शुरू किया और महज 21 मिनट के भीतर, यानी 3:55 बजे तक, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग ट्रांसफॉर्मर में लगी थी और पास के क्षेत्र को तुरंत खाली करवा लिया गया था। आग फैलने से पहले ही नियंत्रित कर ली गई। घटना के समय ट्रॉमा सेंटर में मरीज, तीमारदार और अस्पताल स्टाफ मौजूद थे। आग की सूचना मिलते ही सुरक्षा मानकों के तहत आसपास का क्षेत्र खाली करवा दिया गया। अस्पताल प्रशासन की तत्परता के कारण किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी या भगदड़ नहीं मची और सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।
अस्पताल अधिकारी ने कहा, हमने सभी आवश्यक कदम उठाए और बिजली आपूर्ति को तुरंत बंद करवा दिया था। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।हालांकि आग लगने का ठोस कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से ट्रांसफॉर्मर में विस्फोट हुआ। बिजली विभाग और दमकल अधिकारियों की संयुक्त जांच टीम मौके का निरीक्षण कर रही है और जल्द ही विवरणात्मक रिपोर्ट सौंपी जाएगी। दिल्ली के एम्स ट्रॉमा सेंटर जैसी अत्याधुनिक और अति-संवेदनशील स्वास्थ्य इकाई में हुआ यह हादसा एक बार फिर सुरक्षा और बिजली व्यवस्थाओं की समीक्षा की मांग करता है। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन अगर आग फैल जाती तो यह एक बड़ी त्रासदी में बदल सकती थी।

More From Author